दैनिक खबरनामा। कोलकाता, 19 जुलाई: देश में कोरोना के मामले फिर से सामने आने के बीच पश्चिम बंगाल में भी संक्रमण का एक नया केस दर्ज किया गया है। दक्षिण कोलकाता के गड़िया क्षेत्र का 10 साल का एक बच्चा कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उसे शनिवार सुबह इलाज के लिए कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले चार दिनों से बच्चे को तेज बुखार, लगातार खांसी और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। लक्षण देखकर डॉक्टरों कोविड संक्रमण का संदेह हुआ। इसके बाद बच्चे का स्वाब लेकर जांच करवाई गई।
रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि होते ही एहतियातन उसे अस्पताल की आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से घबराने की अपील नहीं की है। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल देश के कुछ राज्यों में कोविड के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन ज्यादातर केस सामान्य हैं। गंभीर स्थिति और अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या अभी काफी कम है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया है कि बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी जरूरी प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।