दैनिक खबरनामा | 8 अगस्त | जालंधर: जालंधर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। मकसूदां क्षेत्र में भगत सिंह कॉलोनी के पास बल अस्पताल के नजदीक हाईवे पर तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क पर खड़े कैंटर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसकी छत तक अलग हो गई। हादसे के वक्त कार के एयरबैग भी खुल गए थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार जालंधर से अमृतसर की दिशा में जा रही थी और उसकी गति करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटेबताई जा रही है। इसी दौरान हाईवे पर खड़े कैंटर से कार की सीधी टक्कर हो गई। दुर्घटना की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दो शव कार में फंसे, तीसरा सड़क पर जा गिरा
हादसे में कार सवार तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद दो युवकों के शव कार की फ्रंट सीट में फंस गए, जबकि पिछली सीट पर बैठे तीसरे युवक का शव कार से बाहर निकलकर सड़क पर जा गिरा।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। कार में फंसे शवों को निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। तीनों शवों को बाहर निकालने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।
कैंटर चालक पर भी जांच का फोकस
SHO राकेश कुमार के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला है कि कैंटर हाईवे पर खड़ा हुआ था। पुलिस को आशंका है कि कैंटर चालक रास्ता भटक गया होगा या संभव है कि उसने नशे की हालत में वाहन को सड़क पर खड़ा कर दिया और वहां से चला गया। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार है।
पुलिस ने कैंटर के नंबर के आधार पर उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से मृतकों के परिवार तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती जानकारी में मृतकों के परिजनों का संबंध लम्मे पिंड/रंधावा क्षेत्र से बताया जा रहा है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे की परिस्थितियों और वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कैंटर हाईवे पर किस परिस्थिति में खड़ा था और दुर्घटना से पहले वहां क्या हुआ था।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और फरार कैंटर चालक का पता लगाने के साथ-साथ मृतकों की पहचान और हादसे की पूरी परिस्थितियों को स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।