दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़ 9 अगस्त : फतेहगढ़ साहिब में सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रहे चार कांवड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चारों कांवड़िए शिवरात्रि के लिए गंगोत्री से गंगाजल की डाक कांवड़ लेकर फरीदकोट स्थित कोटकपूरा लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिए हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायल मुकेश गोयल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जगदीश मित्तल (40), निवासी डॉक्टर हरपाल गली, कोटकपूरा; महेंद्र पाल (43), निवासी हरीनौ रोड, कोटकपूरा; और दीपक कुमार (42), निवासी सुरगापुरी, कोटकपूरा के रूप में हुई है। हादसे में घायल मुकेश गोयल, जो कोटकपूरा के सरकारी गर्ल स्कूल के पास रहते हैं, की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, ये सभी कांवड़िए कोटकपूरा से दो अलग-अलग कांवड़ संघों के जत्थों के साथ गंगोत्री से डाक कांवड़ लेने के लिए निकले थे। वे 30 जुलाई को गंगोत्री के लिए रवाना हुए थे और 10 अगस्त, सोमवार को कांवड़ लेकर कोटकपूरा वापस पहुंचने का कार्यक्रम था।
कांवड़ यात्रा के लिए कोटकपूरा के प्राचीन डेरा दूधाधारी से शिव त्रिलोकी नाथ कांवड़ संघ और श्री रामबाग मंदिर से न्यू शिव कांवड़ संघ के जत्थे गंगोत्री रवाना हुए थे। वापसी के दौरान सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ के बीच हाईवे पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।