दैनिक खबरनामा। हमीरपुर, 15 अगस्त: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को हमीरपुर जिले के बड़सर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली। परेड की अगुवाई डीएसपी प्रणव चौहान ने की। इसमें पुलिस, आईआरबी, होमगार्ड और विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने हिस्सा लिया।
समारोह में मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों और आम लोगों के लिए कई अहम घोषणाएं कीं।
कर्मचारियों-पेंशनरों को राहत
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को इस महीने वेतन एरियर के तौर पर अतिरिक्त 20,000 रुपये दिए जाएंगे। 2016 से 2021 के बीच रिटायर हुए तृतीय श्रेणी पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को पेंशन बकाया का 35% जबकि प्रथम-द्वितीय श्रेणी के पेंशनरों को 15% अतिरिक्त भुगतान इसी माह होगा। सरकार इस पर करीब 281 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
एनएचएम के तहत काम करने वाली 9000 आशा कार्यकर्ताओं का मासिक प्रोत्साहन 5800 रुपये से बढ़ाकर 6800 रुपये किया गया। एनएचएम के आउटसोर्स स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, ओटी असिस्टेंट और लैब टेक्नीशियन को 1 सितंबर 2026 से 25,000 रुपये और डेटा एंट्री ऑपरेटरों को 18,000 रुपये प्रतिमाह मिलेगा। 1 अप्रैल 2026 से 7 साल पूरे कर चुके एनएचएम कर्मियों को संशोधित वेतन भी दिया जाएगा।
नई भर्तियां और शिक्षा
जल शक्ति विभाग में विभिन्न पदों पर 4000 भर्तियां की जाएंगी। अगले सत्र से प्रदेश में 100 नए सीबीएसई स्कूल खोले जाएंगे। 31 मार्च 2027 तक रिटायर होने वाले डॉक्टरों की सेवाएं भी इसी तारीख तक जारी रहेंगी।
महिला-बाल पोषण और ग्रामीण योजना
महिलाओं और बच्चों के पोषण के लिए ‘इंदिरा गांधी मातृ शिशु संकल्प योजना’ 2 अक्टूबर से 21 आईसीडीएस ब्लॉकों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू होगी। इसमें 6 माह से 3 साल के बच्चों और माताओं को प्रीमिक्स भोजन के साथ सप्ताह में तीन बार दूध या अंडा दिया जाएगा।
आर्थिक रूप से कमजोर 1.80 लाख परिवारों के लिए 2 अक्टूबर से ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना शुरू होगी। दो साल में इन परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधारने पर काम होगा।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर जोर
कांगड़ा के ढगवार में 250 करोड़ रुपये की लागत से 1.5 लाख लीटर क्षमता का आधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र इसी साल पूरा होगा। दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 150 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्ष्य है कि हर गांव का परिवार 20 से 25 हजार रुपये मासिक कमा सके।
सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कोई भर्ती परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल अभियान’ का दूसरा चरण 7 सितंबर से ऊना से शुरू करने की भी जानकारी दी।