दैनिक खबरनामा | 17 अगस्त | कीव/मॉस्को: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में हमलों का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह में भारतीय मूल के अरबपति कारोबारी लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट को रूस ने ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया। हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 कर्मचारी घायल हुए हैं। हमले से प्लांट की मुख्य ऊर्जा व्यवस्था और ब्लास्ट-फर्नेस संचालन प्रभावित हुआ, जिसके बाद उत्पादन का एक हिस्सा रोकना पड़ा।
आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि उसकी एक साइट पर हमला हुआ है। कंपनी के अनुसार, हमले से हुए नुकसान के चलते परिचालन प्रभावित हुआ और कुछ गतिविधियों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।
यूक्रेन का रूस पर बड़ा ड्रोन हमला
रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद जवाबी कार्रवाई में यूक्रेन ने भी रूस के कई क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि रातभर देश के अलग-अलग हिस्सों में 822 यूक्रेनी ड्रोन को रोका गया।
मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव ने इन हमलों को हाल के समय के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक बताया। उनके मुताबिक, मॉस्को क्षेत्र में एक निजी मकान पर ड्रोन गिरने से 83 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
पोडोल्स्क शहर में हुए एक अन्य ड्रोन हमले के बाद ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के एक गोदाम में आग लग गई। यह कंपनी रूस की अरबपति कारोबारी तात्याना किम से जुड़ी है।
मॉस्को की ओर बढ़े करीब 600 ड्रोन
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि राजधानी की दिशा में बढ़ रहे करीब 600 ड्रोन का पता लगाया गया। इनमें से लगभग एक-तिहाई ड्रोन को मॉस्को क्षेत्र के ऊपर ही नष्ट कर दिया गया। हमलों के मद्देनजर मॉस्को और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया।
रोस्तोव में 150 से अधिक ड्रोन, पांच लोगों की मौत
रूस के दक्षिण-पश्चिमी रोस्तोव क्षेत्र के गवर्नर यूरी स्ल्यूसर के अनुसार, तीन शहरों को ड्रोन हमलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि 150 से अधिक ड्रोन से किए गए हमलों में पांच लोगों की मौत हुई। हमलों से कई मकानों और एक रेलवे स्टेशन को नुकसान पहुंचा, जबकि जंगल में भी आग लग गई।
यूक्रेन के कई शहर भी हमलों से प्रभावित
रूस की ओर से किए गए हमलों का असर यूक्रेन के कई हिस्सों में पड़ा। दक्षिण-पूर्वी जापोरिज्जिया क्षेत्र में दो लोगों की मौत हुई। वहीं सुमी के सीमावर्ती क्षेत्र और पूर्वी डोनेट्स्क में भी एक-एक व्यक्ति की जान गई।
राजधानी कीव में कई स्थानों पर आग लगने की घटनाओं में छह लोग घायल हुए। शहर के एक बड़े बुक मार्केट में भी आग लग गई। इसके अलावा पोचाइना मेट्रो स्टेशन के पास स्थित कई कियोस्क आग की चपेट में आकर जल गए।
दोनों देशों के बीच बढ़ी हवाई हमलों की तीव्रता
यूक्रेन ने इस वर्ष रूस के खिलाफ अपने हमलों को और तेज किया है। लंबी दूरी की मिसाइलों और ड्रोन के जरिये रूस के सैन्य उद्योग, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और लॉजिस्टिक्स से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है।
दूसरी ओर, रूस भी यूक्रेन के शहरों और रणनीतिक महत्व वाले औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर लगातार मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है। ताजा घटनाक्रम से दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष के और गंभीर होने के संकेत मिल रहे हैं।