दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़/अमृतसर, 17 अगस्त 2026. मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान अमृतसर देहाती पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस प्रतिष्ठान को निशाना बनाने की आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने 15-16 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि को गग्गोमहल पुलिस चौकी के अधिकार क्षेत्र से मोम से लिपटे एक संदिग्ध पैकेट में 690 ग्राम वजन की आईईडी बरामद की।
पैकेट में आईईडी के साथ इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बक्सा भी बरामद किया गया। बरामद विस्फोटक सामग्री को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार संभालते हुए बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि अमृतसर देहाती पुलिस ने देशविरोधी तत्वों के मंसूबों को नाकाम करते हुए सार्वजनिक सुरक्षा के लिए पैदा होने वाले संभावित खतरे को टाल दिया है। उन्होंने कहा कि इस साजिश के पीछे शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच जारी है।
अमृतसर देहाती के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पहले ही विभिन्न जांच चौकियों पर सुरक्षा जांच तेज कर दी गई थी और सरकारी प्रतिष्ठानों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान 15-16 अगस्त की रात को एएसआई कुलबीर सिंह गश्त पर थे। गग्गोमहल पुलिस चौकी के अधिकार क्षेत्र में उन्हें काले रंग का मोम से लिपटा एक संदिग्ध पैकेट दिखाई दिया।
पुलिस द्वारा जांच किए जाने पर पैकेट में संदिग्ध आईईडी के अलावा इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर, बैटरी, टाइमर और लोहे का बक्सा बरामद हुआ। इसके बाद मौके पर बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया। अन्य बरामद वस्तुओं को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
इस संबंध में थाना रामदास, अमृतसर देहाती में एफआईआर नंबर 162 दिनांक 16.08.2026 को विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है और साजिश से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।