दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 18 अगस्त 2026. पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 210वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्यभर में गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के रूप में चिन्हित 537 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान पुलिस टीमों ने सात हथियारों सहित 295 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। अभियान शुरू होने के बाद अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की कुल संख्या 61,877 हो गई है।
पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी 2026 को शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य राज्य को गैंगस्टरवाद से मुक्त करना है। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें लगातार विशेष अभियान चला रही हैं।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 198 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई भी की, जबकि पांच भगोड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पंजाब पुलिस ने आम लोगों से भी गैंगस्टरों और वांछित अपराधियों के संबंध में जानकारी साझा करने की अपील की है। लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गुप्त रूप से गैंगस्टरों, वांछित अपराधियों या किसी भी आपराधिक गतिविधि से जुड़ी जानकारी पुलिस तक पहुंचा सकते हैं।
नशा तस्करों पर भी शिकंजा
इसी बीच पंजाब पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 535वें दिन भी बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने 63 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.6 किलोग्राम हेरोइन, 299 नशीली गोलियां और 500 रुपये की ड्रग मनी बरामद की।
इसके साथ ही अभियान के 535 दिनों के दौरान गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 76,015 हो गई है।
पंजाब पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत आज सात व्यक्तियों को नशा छोड़कर उपचार एवं पुनर्वास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पुलिस के अनुसार अपराध और नशे के खिलाफ दोनों अभियान लगातार जारी रहेंगे।