दैनिक खबरनामा | 20 अगस्त | लुधियाना: लुधियाना स्थित फाइव स्टार होटल पार्क प्लाजा में गुरुवार को बैंक की टीम ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर कार्रवाई की। अधिकारियों की टीम होटल परिसर के भीतर मौजूद है, जबकि एहतियात के तौर पर होटल के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
जानकारी के अनुसार, पार्क प्लाजा होटल कांग्रेस के पूर्व विधायक जस्सी खंगूड़ा का है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद खंगूड़ा ने कांग्रेस छोड़कर AAP का दामन थाम लिया था। हालांकि बाद में उन्होंने AAP से भी किनारा कर दोबारा कांग्रेस में वापसी कर ली। फिलहाल वह मलेरकोटला जिले की अमरगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं।
सुबह होटल पहुंची बैंक की टीम
सूत्रों के मुताबिक, बैंक के अधिकारी सुबह पुलिस टीम के साथ होटल पहुंचे थे। इसके बाद से बैंक और पुलिस के अधिकारी होटल के भीतर मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि टीम करीब तीन घंटे से होटल के अंदर है और होटल प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है।
होटल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के चलते आसपास के इलाके में भी हलचल बनी हुई है।
कार्रवाई की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल बैंक और पुलिस प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई के पीछे की वजह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। यह कार्रवाई किस मामले या किस तरह की बैंकिंग प्रक्रिया के तहत की जा रही है, इसे लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
अधिकारियों की कार्रवाई पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।