दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 21 सितंबर 2026. पंजाब सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 में सितंबर तक वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 2,507.98 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इससे राज्य के 24.07 लाख बुजुर्ग नागरिकों को लाभ मिला है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने यह जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार बुजुर्गों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि राज्य सरकार ने चालू वित्त वर्ष में वृद्धावस्था पेंशन योजना के लिए 4,000 करोड़ रुपये का बजट रखा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र बुजुर्ग तक पेंशन का लाभ पहुंचाना है, ताकि कोई भी जरूरतमंद सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि 65 वर्ष या इससे अधिक आयु के पुरुष और 58 वर्ष या इससे अधिक आयु की महिलाएं, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 60,000 रुपये से अधिक नहीं है, योजना के पात्र हैं। पेंशन बुजुर्गों की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के साथ उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक सम्मान प्रदान करने में मददगार है।
कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का तेजी से सत्यापन करने, पात्र मामलों को समय पर मंजूरी देने और पेंशन वितरण सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायतों, शहरी स्थानीय निकायों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से पात्र बुजुर्गों की पहचान कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि बुजुर्गों ने अपना जीवन परिवार और समाज की सेवा में समर्पित किया है। अब यह समाज और सरकार की साझा जिम्मेदारी है कि उन्हें सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के साथ जीवन जीने का अवसर मिले।