दैनिक खबरनामा | एसएएस नगर (मोहाली), 23 अक्टूबर 2026. पंजाब में पहली बार आयोजित होने जा रही एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेने के लिए जापान की 18 सदस्यीय पुरुष हॉकी टीम शुक्रवार को शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, मोहाली पहुंची। टीम का ढोल की थाप पर भंगड़ा डालकर और पारंपरिक मालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। पंजाबी मेहमाननवाजी से अभिभूत जापानी खिलाड़ियों ने मेजबानों का आभार जताया और पंजाब की धरती पर खेलने को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के मुकाबले जालंधर और मोहाली में खेले जाएंगे। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निरंतर प्रयासों के चलते पंजाब को पहली बार इस अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है।
खेल विभाग के अधिकारियों ने जापानी टीम के स्वागत के साथ टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के ठहरने, अभ्यास सत्रों और यात्रा के लिए किए गए प्रबंधों की जानकारी दी। पंजाब सरकार ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं, सुरक्षा और बेहतर मेहमाननवाजी सुनिश्चित करने के प्रबंध किए हैं।
जापान की टीम में कप्तान फुजीशिमा राइकी सहित यामादा शोटा, तनाका सेरेन, वातानाबे जून, मात्सुमोतो काजूमासा, नागाई युमा, यामाशिता मनाबू, नागायोशी केन, सैतो हीरो, काशिवागी रेन, तनाका सुबासा, ओका रयोमा, कावामुरा यूसुके, गोलकीपर कुरोदा किशो, यामानाका मोटोया, ओचाई हारुकी, गोलकीपर कितागावा ताकुमी और फुकुदा केंटारो शामिल हैं।
टूर्नामेंट में मेजबान भारत और जापान के अलावा दक्षिण कोरिया, चीन, मलेशिया तथा बांग्लादेश की टीमें भी भाग लेंगी। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला 27 अक्टूबर को जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि खिताबी मुकाबला 5 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर हॉकी स्टेडियम में होगा।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी से पंजाब को अंतरराष्ट्रीय हॉकी के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करने का अवसर मिलेगा।