दैनिक खबरनामा। जीरकपुर (मोहाली), 23 अक्टूबर: पटियाला रोड पर एयरफोर्स स्टेशन कट के पास बाइक सवार शातिरों ने टायर खराब होने का झांसा देकर एक लोहा कारोबारी से 21.50 लाख रुपये उड़ा लिए। कारोबारी जब पिछले टायर को देखने में व्यस्त था, तभी दूसरा आरोपी ड्राइवर साइड का दरवाजा खोलकर नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गया। यह घटना वीरवार रात की है।
स्काई लाइन पार्क, वीआईपी रोड के रहने वाले 44 वर्षीय श्याम लाल सहगल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लोहे का कारोबार करते हैं। वीरवार को वह लोहगढ़ कट स्थित मित्तल मेटल से अपनी इनोवा कार में घर लौट रहे थे। कार में नीले और पीले रंग का बैग रखा था, जिसमें 21.50 लाख रुपये की नकदी थी।
इशारा कर रोकी कार, फिर वारदात को दिया अंजाम
शिकायतकर्ता के मुताबिक बाइक पर सवार एक युवक ने उन्हें कार के पिछले टायर की तरफ इशारा किया। उसके इशारे से लगा कि टायर में कोई दिक्कत है, इसलिए उन्होंने कार को नजदीक स्थित एचपी पेट्रोल पंप की ओर मोड़ दिया और पंचर की दुकान के पास रोक ली।
वह उतरकर कंडक्टर साइड के पिछले टायर को चेक करने लगे। इसी दौरान एक अन्य अज्ञात युवक कार की दूसरी तरफ आया और ड्राइवर साइड का दरवाजा खोलकर आगे की सीट पर रखा रुपयों से भरा बैग उठा कर भाग गया।
साजिश के तहत दिया वारदात को अंजाम
वारदात के तरीके से लग रहा है कि आरोपी पहले से ही श्याम लाल सहगल का पीछा कर रहे थे। बाइक पर सवार दो लोगों में से एक ने उनका ध्यान टायर की तरफ भटकाया, जबकि कार रुकते ही दूसरे ने तुरंत बैग निकाला और बाइक पर बैठकर फरार हो गया।
जीरकपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।