दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 27 अक्टूबर 2026. पंजाब में गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के तहत पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टरों के सहयोगियों के 543 चिह्नित ठिकानों पर छापेमारी की और 231 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान दो हथियार भी बरामद किए गए। इसके अलावा सात भगोड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया गया और 184 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई।
पंजाब पुलिस के अनुसार, गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 279वें दिन की कार्रवाई के बाद अभियान शुरू होने से अब तक गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 80,898 हो गई है। पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त बनाने के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने की थी। राज्य के सभी जिलों की पुलिस टीमें एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स के समन्वय से कार्रवाई कर रही हैं।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गोपनीय जानकारी देने के लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 का इस्तेमाल करें। इस नंबर पर आपराधिक गतिविधियों से संबंधित सुराग भी साझा किए जा सकते हैं।
नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में 296 गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने नशों के खिलाफ अभियान ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ के 604वें दिन भी कार्रवाई जारी रखते हुए 296 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 3.5 किलोग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम, 120 किलोग्राम गांजा, 44 किलोग्राम भुक्की, 1,722 नशीली गोलियां और 13,850 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक, इस अभियान के तहत 603 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या 88,285 तक पहुंच गई है। नशा मुक्ति और पुनर्वास अभियान के तहत पुलिस ने सोमवार को 32 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार लेने के लिए भी राजी किया।