दैनिक खबरनामा। जीरकपुर (मोहाली) 26 नवंबर: गांव छत में पति की मारपीट और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर तीन बच्चों की मां ने दम तोड़ दिया। चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
29 वर्षीय रूपवती के पिता जुगल किशोर के बयान पर रूपवती के पति विजय प्रकाश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जुगल किशोर ने बताया कि उनकी बेटी की शादी करीब 13 साल पहले गांव छत निवासी विजय प्रकाश के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही पति छोटी-छोटी बातों पर रूपवती के साथ मारपीट करता था और उसे घर से बाहर निकाल देता था। पति के अत्याचार से तंग आकर वह कई बार मायके भी आ चुकी थी।
पिता के अनुसार, रूपवती अपनी छोटी बच्ची को गांव छत स्थित मॉडल स्कूल से लेने गई थी। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने उसे बच्ची से मिलने नहीं दिया। इसी बीच वहां पहुंचे विजय प्रकाश ने स्कूल के बाहर रूपवती के साथ मारपीट की। बेटी ने फोन पर पिता को इस घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही जुगल किशोर गांव छत पहुंचे, जहां रूपवती की हालत गंभीर थी। परिजनों ने उसे एंबुलेंस की मदद से चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, अस्पताल से महिला की मौत की सूचना मिली थी। उसके पिता ने वीरवार को थाने पहुंचकर अपने बयान दर्ज करवाए। पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पति का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है।