पंजाब 23 फरवरी 2026 (जगदीश कुमार) पंजाब में मोहाली के थाना फेज-11 क्षेत्र में शिवरात्रि के मौके पर हुए गुरसेवक सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस सनसनीखेज मामले में मोहाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सौरव, मोना, केशव और सरवन के रूप में हुई है।पुलिस सूत्रों के अनुसार वारदात के बाद आरोपी देश से फरार होने की फिराक में थे। उन्हें नेपाल बॉर्डर के रास्ते भागने की योजना बनाते हुए पकड़ा गया। खुफिया सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश के हरदोई क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस ने आरोपियों को उस समय दबोचा जब वे भागने की तैयारी कर रहे थे।जानकारी के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी ने किरच से एक इंस्पेक्टर पर हमला करने की कोशिश भी की। हालांकि पुलिस टीम ने सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थिति को तुरंत काबू में कर लिया। इस दौरान किसी पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई।यह पूरी कार्रवाई एसएसपी मोहाली हरमनदीप सिंह हांस के निर्देशों पर गठित विशेष टीम द्वारा अंजाम दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना है। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।