दैनिक ख़बरनामा 16 अप्रैल 2026 साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली), जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो और मॉडल करियर सेंटर, साहिबजादा अजीत सिंह नगर द्वारा 17 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) को एक प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप यूनिवर्सल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, चंडीगढ़-अंबाला हाईवे स्थित परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।डिप्टी डायरेक्टर हरप्रीत सिंह मानशाहियां ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे प्लेसमेंट कैंप लगाए जा रहे हैं। इस कैंप में अपोलो फार्मेसी, प्यूमा, मेहर अस्पताल, नीलम अस्पताल, श्री सीमेंट, जेसीबीएल, टॉर्क फार्मा सहित कई कंपनियां भाग लेंगी और विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन करेंगी।उन्होंने बताया कि 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएशन, बी.कॉम, आईटीआई, बीबीए, एमबीए, बीएससी नर्सिंग, बीफार्मा, डीफार्मा आदि योग्यता वाले उम्मीदवार इसमें भाग ले सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को वेतन कंपनी के नियमों और अनुभव के आधार पर दिया जाएगा।उम्मीदवारों से अपील की गई है कि वे अपने सभी मूल प्रमाण पत्र, उनकी फोटोकॉपी, रिज्यूमे और फॉर्मल ड्रेस में समय पर कैंप में पहुंचें। इस कैंप के लिए किसी भी प्रकार का टीए/डीए नहीं दिया जाएगा।