दैनिक खबरनामा । चंडीगढ़, 10 जुलाई: बीते शुक्रवार को चंडीगढ़ सहित ट्राईसिटी में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने अब सोमवार तक तेज बारिश को लेकर चेतावनी जारी कर दी है।
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार शहर में 92.3 मिलीमीटर पानी बरसा। मानसून सीजन की शुरुआत से अब तक कुल 160.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य औसत से 28.7 फीसदी कम है।
मौसम में लगातार बदलाव की वजह से पारा भी ऊपर-नीचे हो रहा है। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम था। रात का न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.4 डिग्री नीचे दर्ज हुआ।
लगातार गिर रहे पानी के कारण स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में खासी दिक्कतें उठानी पड़ीं। वहीं हिमाचल प्रदेश में हो रही मूसलाधार बारिश और ट्राईसिटी में पिछले चार दिनों से हो रही बरसात के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है।
संभावित हादसों को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा के मद्देनजर घग्गर सहित सभी नदी-नालों के किनारों पर आम लोगों के जाने पर पाबंदी लगा दी गई है।