दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 15 अगस्त: शहर के सेक्टर-28 स्थित मकान नंबर 3097 में शुक्रवार रात एक बड़ी चोरी की वारदात हुई। इस घर के मालिक पूर्व पार्षद दिवंगत मुकेश बस्सी हैं। पुलिस के अनुसार वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि महज 10 दिन पहले काम पर रखा गया घरेलू सहायक निकला। घटना के समय बस्सी परिवार के दोनों बेटे जितेश और दक्ष अपने परिवार के साथ शहर से बाहर गए हुए थे।
भोजन में मिलाया गया बेहोशी का पदार्थ
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात आरोपी ने खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाते ही मुकेश बस्सी की पत्नी अंजू बस्सी, घर में मौजूद अन्य परिजन और पुराना नौकर कुछ ही देर में बेहोश हो गए।
लॉकर और अलमारी तोड़कर ले गया नकदी और जेवर
घर के सभी सदस्य बेहोश होने के बाद आरोपी ने घर में रखे लॉकर और अलमारियों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद वहां रखी भारी मात्रा में नकदी के साथ सोने-चांदी के कीमती गहने समेटे और मौके से फरार हो गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार चोरी गया सामान करोड़ों रुपये का है।
पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। बेहोशी की हालत में मिले सभी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए जगह-जगह नाकाबंदी कर छापेमारी की जा रही है।
मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।