दैनिक खबरनामा 29 अप्रैल 2026 हरियाणा के भिवानी जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पंजाब के मोहाली की एक युवती ने CRPF के एक इंस्पेक्टर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती आरोपी की दूसरी शादी रुकवाने के लिए तोशाम थाने पहुंची और कार्रवाई की मांग की।युवती के अनुसार, साल 2022 में दोनों की पहचान फेसबुक के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने उसे मिलने के लिए बुलाया और शादी का वादा किया। आरोप है कि उसने भावनात्मक दबाव बनाकर युवती के साथ संबंध बनाए और उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी बना लीं, जिनके आधार पर वह उसे ब्लैकमेल करता रहा।युवती का कहना है कि आरोपी के झांसे में आकर उसने फरवरी 2025 में अपने पति से तलाक ले लिया। इसके बाद भी आरोपी शादी की बात टालता रहा। युवती ने दावा किया कि वह सितंबर से अक्टूबर 2025 के बीच करीब 21 दिन तक आरोपी के साथ जीरकपुर में रही।हाल ही में उसे पता चला कि इंस्पेक्टर 29 अप्रैल को किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से उसे धमकाया और रिश्ता केवल शारीरिक जरूरत बताकर पल्ला झाड़ लिया।
युवती ने तोशाम पुलिस पर भी शिकायत न सुनने का आरोप लगया है। उसका कहना है कि पुलिस किसी प्रभावशाली व्यक्ति के दबाव में कार्रवाई नहीं कर रही। इसके बाद उसने भिवानी के डीसी को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी है।फिलहाल मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है और जांच जारी है।