
‘एक शाम शिव के नाम’ कार्यक्रम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का दायरा बढ़ाने का ऐलान
दैनिक खबरनामा|जालंधर, 13 जून 2026. भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में जालंधर के साईं दास स्कूल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय आध्यात्मिक कार्यक्रम ‘एक शाम शिव के नाम’ में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान विशेष रूप से शामिल हुए और प्रदेश में धार्मिक सद्भावना, सांस्कृतिक विरासत तथा आध्यात्मिक मूल्यों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी ने भगवान शिव और भगवान परशुराम को समर्पित भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि देशभर से पहुंचे संत-महात्माओं ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
सभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भगवान परशुराम शस्त्र और शास्त्र के अद्भुत समन्वय के प्रतीक थे। उनका जीवन अन्याय, असमानता और भेदभाव के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार महान गुरुओं, संतों और महापुरुषों द्वारा दिखाए गए धर्म और मानवता के मार्ग पर चल रही है तथा राज्य में शांति, भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव को और मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘एक शाम शिव के नाम’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पहली बार भगवान परशुराम जयंती और हिंदू नववर्ष को राज्य स्तर पर मनाने की पहल की है तथा धार्मिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब की उपजाऊ धरती पर हर प्रकार की फसल उग सकती है, लेकिन नफरत के बीज यहां कभी नहीं पनप सकते। उन्होंने कहा कि पंजाब की पहचान भाईचारे, प्रेम और सांझी संस्कृति से है, जहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान शिव करुणा, दया और मानवता के प्रतीक हैं तथा ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने सभी धर्मों और समुदायों के धार्मिक आयोजनों को समान सम्मान और सहयोग दिया है।

भगवंत सिंह मान ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का दायरा बढ़ाकर अब हरिद्वार, श्री खाटू श्याम जी महाराज, सालासर बालाजी धाम सहित कई अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत श्रद्धालुओं को पूरी तरह निःशुल्क तीर्थ यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और इसका लाभ सभी वर्गों एवं धर्मों के लोग उठा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय का उल्लेख करते हुए बताया कि धार्मिक ग्रंथों के पावन स्वरूप ले जाने वाले विशेष वाहनों को मोटर वाहन कर से छूट प्रदान की गई है। इससे राज्यभर में ऐसे वाहनों के संचालकों को करोड़ों रुपये की राहत मिलेगी।

उन्होंने पंजाबवासियों से जाति, धर्म, रंग और नस्ल से ऊपर उठकर एकजुट रहने तथा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मिलकर संघर्ष करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी लोगों के सहयोग से ही नशामुक्त, समृद्ध और खुशहाल ‘रंगला पंजाब’ का सपना साकार किया जा सकता है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ आप नेता मनीष सिसोदिया, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और मोहिंदर भगत, सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।