हरियाणा 18 फरवरी 2026(दैनिक खबरनामा) हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने देशभर के 10 राज्यों की कुल 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव की घोषणा की है, जिसमें हरियाणा की दो सीटें भी शामिल हैं। हरियाणा से राज्यसभा सांसद किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है, इसी कारण अब चुनाव कराए जाएंगे।90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा के मौजूदा संख्याबल को देखते हुए एक सीट भाजपा और दूसरी सीट कांग्रेस के खाते में जाती नजर आ रही है।हालांकि, अगर सत्तारूढ़ भाजपा दूसरी सीट पर भी अपना उम्मीदवार मैदान में उतारती है तो राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं। ऐसी स्थिति में कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी अपने विधायकों को एकजुट रखना और क्रॉस वोटिंग को रोकना। हरियाणा में पहले भी राज्यसभा चुनावों के दौरान बड़ा खेल हो चुका है और भाजपा ने पर्याप्त संख्या न होने के बावजूद दो बार जीत हासिल कर सबको चौंकाया है।10 अप्रैल 2020 को इन दो सीटों के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने रामचंद्र जांगड़ा और कांग्रेस ने दीपेंद्र सिंह हुड्डा को टिकट दिया था। उस समय चुनाव की जरूरत नहीं पड़ी और दोनों नेता आसानी से राज्यसभा पहुंच गए। 2024 लोकसभा चुनाव में दीपेंद्र हुड्डा रोहतक से सांसद बने, जिसके बाद उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद अगस्त 2024 में हुए उपचुनाव में भाजपा ने किरण चौधरी को उम्मीदवार बनाया और वे राज्यसभा पहुंचीं।अब नए चुनाव की घोषणा के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों में टिकट को लेकर हलचल तेज हो गई है। नेताओं ने दिल्ली में दौड़-भाग शुरू कर दी है। संख्याबल के हिसाब से भाजपा के पास 48 विधायक हैं, जबकि 3 निर्दलीय विधायक भी भाजपा के साथ हैं। कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं और एक सीट जीतने के लिए 31 वोटों की जरूरत होती है। ऐसे में मुकाबला रोचक होने वाला है।
You May Also Like
अंबाला के युवक पर अमित शाह और चारधाम को बम से उड़ाने की धमकी का आरोप, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
- Editorial Team
- June 23, 2026
कुरुक्षेत्र में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, जर्मनी से डिपोर्ट युवक घायल
- Editorial Team
- June 15, 2026