दैनिक खबरनामा | 20 अगस्त | केन्या: उत्तरी केन्या के एक दुर्गम इलाके में गुरुवार सुबह हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की जान चली गई। मृतकों में पांच अमेरिकी नागरिक शामिल हैं। केन्या नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने सुबह 9 बजकर 13 मिनट पर लोईसाबा संरक्षण क्षेत्र से सांबुरु काउंटी के इवासो नीरो क्षेत्र के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। इसमें पायलट समेत सात लोग मौजूद थे।
सांबुरु के पुलिस कमांडर डेविड नकोरोई ने बुधवार देर रात मीडिया को बताया कि दुर्घटना में हेलीकॉप्टर में मौजूद किसी भी व्यक्ति की जान नहीं बचाई जा सकी। अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने भी पुष्टि की है कि मृतकों में पांच अमेरिकी नागरिक थे। मंत्रालय के मुताबिक, अमेरिकी दूतावास इस मामले में स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और मृतकों के परिजनों को आवश्यक राजनयिक सहायता दी जा रही है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने पीड़ितों के परिवारों और उनके करीबियों के प्रति संवेदना भी जताई है।
मृतकों की पहचान फिलहाल आधिकारिक तौर पर जारी नहीं की गई है। हालांकि, फ्लोरिडा के मियामी के एक स्थानीय टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में NBCUniversal के स्वामित्व वाले स्पेनिश भाषा के टीवी नेटवर्क ‘टेलीमुंडो’ के चैनलों के अध्यक्ष और महाप्रबंधक जोसे सुआरेज (55) की भी मौत हुई है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर लोकप्रिय पर्यटन स्थल माउंट ओलोलोकवे की तलहटी के पास एक बेहद दुर्गम क्षेत्र में गिरा। यह हेलीकॉप्टर स्थानीय कंपनी ‘लेडी लोरी हेलीकॉप्टर्स’ का था और बताया गया है कि यह यात्रा कंपनी ‘बियॉन्ड’ के मेहमानों को लेकर जा रहा था। उड्डयन प्राधिकरण ने दुर्घटनाग्रस्त विमान की पहचान यूरोकॉप्टर EC130 B4 के रूप में की है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद राहत और खोज अभियान शुरू किया गया। स्थानीय सफारी ऑपरेटर ‘ट्रॉपिक एयर केन्या’ ने अभियान में सहयोग के लिए अपने दो हेलीकॉप्टर भेजे। केन्या रेड क्रॉस ने भी बताया कि उसकी आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर घटनास्थल तक पहुंचने और अभियान में सहायता करने में जुटी हैं। दुर्घटनास्थल के दुर्गम होने के कारण बचाव दल को वहां पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
केन्या में इस साल फरवरी में भी एक गंभीर हेलीकॉप्टर दुर्घटना हुई थी। पश्चिमी केन्या के पहाड़ी इलाके में हुए उस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में एक सांसद भी शामिल था।