मोहाली में दर्दनाक सड़क हादसा: बेटे के सामने स्कार्पियो ने पिता को कुचला, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
दैनिक खबरनामा। लालडू (मोहाली), 4 जून 2026: मोहाली के लालडू क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सबसे मार्मिक बात यह रही कि बेटे की आंखों के सामने तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उसके पिता को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव मलकपुर निवासी हरकीरत सिंह अपने पिता महेंद्र सिंह के साथ किसी निजी कार्य से लालडू मंडी जा रहे थे। दोनों अलग-अलग वाहनों पर सवार थे। हरकीरत सिंह एक्टिवा चला रहा था, जबकि उनके पिता स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर आगे चल रहे थे।
दोपहर करीब 2:35 बजे जब वे मलकपुर और बल्लोपुर के बीच लिंक रोड पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक काली स्कार्पियो ने कथित रूप से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए महेंद्र सिंह की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शी बेटे के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके पिता सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि हाथ-पैर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच अधिकारी एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे हरकीरत सिंह के बयान के आधार पर अज्ञात स्कार्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक और वाहन की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है।