दैनिक खबरनामा । न्यू चंडीगढ़, 15 अगस्त : आज ओमैक्स लेक सोसाइटी, न्यू चंडीगढ़ में भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे जोश और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। परिसर तिरंगों और देशभक्ति गीतों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि अभिषेक मित्तल द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। ध्वजारोहण के उपरांत उन्होंने सभी निवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने ओमैक्स समूह के विभिन्न प्रोजेक्ट्स की प्रगति और आगामी योजनाओं की जानकारी भी सोसाइटी वासियों के साथ साझा की।

इस अवसर पर सोसाइटी के अध्यक्ष रिटायर्ड कर्नल कुलविंद्र सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने देश की एकता और गौरव पर बल देते हुए सभी को इस राष्ट्रीय पर्व की बधाई दी और नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री सुरेंद्र अरोड़ा ने किया। उनके कुशल संचालन से पूरा आयोजन अनुशासित और प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ।
समारोह की सबसे आकर्षक झलक सोसाइटी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। नन्हे कलाकारों ने देशभक्ति नृत्य, गीत, कविता पाठ और भाषणों के माध्यम से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों को तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा गया।
इस मौके पर ओमैक्स के कुछ कर्मचारियों को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित भी किया गया। प्रबंधन ने उन्हें प्रशंसा पत्र और पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और निवासियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी।
आयोजन समिति और उपस्थितजनों ने एक-दूसरे का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। पूरे आयोजन में देशभक्ति, एकता और उल्लास का माहौल देखने को मिला।