दैनिक खबरनामा। न्यू चंडीगढ़, 12 जुलाई : देशभर में वन महोत्सव के अवसर पर न्यू चंडीगढ़ स्थित द लेक, ओमेक्स में भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश बड़े उल्लास के साथ गूंजा। ओमेक्स प्रबंधन और लेक रेजीडेंट वेलफेयर सोसाइटी (रजिस्टर्ड) के संयुक्त प्रयासों से यहां वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अगुवाई सोसाइटी के अध्यक्ष रिटायर्ड कर्नल कुलविंदर सिंह ने की। उनके मार्गदर्शन में सोसाइटी के बच्चे, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और युवा एक साथ मैदान में उतरे और पौधे लगाकर स्वच्छ व प्रदूषणमुक्त भारत के संकल्प को दोहराया।

इस आयोजन को सफल बनाने में सोसाइटी के वरिष्ठ सदस्यों का अहम योगदान रहा। श्री के. सी दयाल, श्री ध्यान सिंह, श्री सुरेंद्र अरोड़ा, श्री रमन शर्मा, श्री करनैल सिंह, श्री राजेश गुप्ता, श्री एस. के चावला, श्री कुणाल पासरी सहित अन्य पदाधिकारियों और क्षेत्र के सभी निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

मौसम की प्रतिकूलता के बावजूद कार्यक्रम में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्होंने न केवल पौधारोपण किया, बल्कि पर्यावरण बचाने का संदेश भी दिया।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों को स्मृति चिन्ह के रूप में पौधे भेंट किए गए। पूरे आयोजन का समापन पर्यावरण को हरा-भरा और स्वच्छ रखने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।