दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 26 जून 2026. पंजाब सरकार ने राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों और संस्थानों के कार्यालय समय में बदलाव करने का फैसला लिया है। सरकार द्वारा जारी नए आदेशों के अनुसार 1 जुलाई 2026 से सभी सरकारी कार्यालय पहले की तरह सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित होंगे।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह निर्णय गर्मी के मौसम के मद्देनज़र लागू की गई अस्थायी समय-सारिणी की अवधि समाप्त होने के बाद लिया गया है। वर्तमान में लागू व्यवस्था के तहत सरकारी कार्यालय 25 मई 2026 से सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक कार्य कर रहे हैं, जो 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 1 जुलाई 2026 से राज्य के सभी सरकारी विभाग, कार्यालय और सरकारी संस्थान नियमित कार्यालय समय के अनुसार सुबह 9 बजे खुलेंगे और शाम 5 बजे तक कार्य करेंगे। सरकार के इस निर्णय से सभी विभागों में सामान्य कार्य व्यवस्था फिर से बहाल हो जाएगी।