दैनिक खबरनामा। कपूरथला, 21 जून : रेल डिब्बा कारखाना (आरसीएफ) कपूरथला में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कारखाने के कम्यूनिटी हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और योग प्रेमियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आरसीएफ के महाप्रबंधक श्री अजय नंदन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री रवि कुमार सहित कारखाने के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” के अनुरूप स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।


भारतीय योग संस्थान, रेल डिब्बा कारखाना इकाई के योग आचार्य श्री करण सिंह ने योग सत्र का संचालन करते हुए प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन करवाए और योग के शारीरिक तथा मानसिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी। मंच पर उपस्थित साधक सरबजीत सिंह और प्रवीण ने भी योगाभ्यास में सहयोग करते हुए प्रतिभागियों को विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया।
योग आचार्य श्री तेजबीर सिंह ने प्राणायाम और ध्यान संबंधी क्रियाओं का अभ्यास करवाया तथा इनके स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने हंसी क्रिया, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और अन्य योग प्रक्रियाओं के माध्यम से तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवन के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के दौरान कोलकाता के रेड रोड से आयोजित राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस प्रसारण को उत्साहपूर्वक देखा और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम से जुड़कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मुख्य समारोह के अतिरिक्त टेक्निकल ट्रेनिंग सेंटर के प्रशिक्षुओं और स्टाफ, रेल सुरक्षा बल के जवानों तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भी अपने-अपने कार्यस्थलों पर योगाभ्यास किया। इससे पूरे कारखाना परिसर में योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का वातावरण देखने को मिला।
समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आरसीएफ के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा।