दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 22 अक्टूबर 2026. पंजाब में बच्चों के पोषण, देखभाल और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में सरकार की अहम परियोजना अंतिम चरण में पहुंच गई है। राज्य में 100 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे 1000 आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों में से 957 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष केंद्रों का काम तेजी से जारी है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि ये केंद्र बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) योजना और मनरेगा के समन्वय से इन केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य गांवों में बच्चों और महिलाओं के लिए बेहतर सामाजिक बुनियादी ढांचा विकसित करना है।
डॉ. बलजीत कौर के अनुसार, आधुनिक आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को पूर्व-प्राथमिक शिक्षा, पूरक पोषण, स्वास्थ्य जांच और उनके विकास की निगरानी जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को भी बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को अपने गांव में ही गुणवत्तापूर्ण पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और देखभाल की सुविधाएं प्रदान करना है, ताकि उसे जीवन की शुरुआत से ही विकास के समान अवसर मिल सकें। उन्होंने माता-पिता, पंचायती राज संस्थाओं और आम लोगों से आंगनवाड़ी केंद्रों के रखरखाव तथा प्रभावी संचालन में सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह पहल बाल विकास, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक कल्याण के प्रति पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।