भ्रष्टाचार के एक पैसे का भी आरोप नहीं, पंजाब ने ईमानदार शासन को चुना: अरविंद केजरीवाल

दैनिक खबरनामा|बठिंडा/,12 जून 2026. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बठिंडा नगर निगम चुनावों में पार्टी की शानदार जीत को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सरकार के चार वर्षों के ईमानदार और जनहितैषी शासन का परिणाम बताते हुए कहा कि पंजाब की जनता ने एक बार फिर विकास, पारदर्शिता और साफ-सुथरी राजनीति पर अपनी मुहर लगा दी है।
बठिंडा में आयोजित विशाल रोड शो को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार वर्षों में पंजाब सरकार ने जिस प्रकार जनता के हित में कार्य किए हैं, उससे लोगों का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने दावा किया कि इसी जनसमर्थन के बल पर भगवंत सिंह मान वर्ष 2027 में दोबारा पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे।
केजरीवाल ने कहा कि आज पंजाब में चार तरह की राजनीतिक पार्टियां दिखाई देती हैं। एक ऐसी पार्टी जिसे लोग नशे और बेअदबी की घटनाओं के कारण “चिट्टा-बेअदबी पार्टी” कहते हैं। दूसरी “झगड़ा पार्टी” है, जिसके नेता आपस में ही संघर्ष में उलझे रहते हैं। तीसरी “ईडी पार्टी” है, जो जांच एजेंसियों के जरिए लोगों को डराने की राजनीति करती है। जबकि चौथी आम आदमी पार्टी है, जो जनता की पार्टी है और जनता के लिए काम करती है।
उन्होंने कहा कि बठिंडा की सड़कों पर रोड शो के दौरान लोगों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दे रहा था। पूर्ववर्ती सरकारों के समय जनता नेताओं से नाराज़ रहती थी, लेकिन आज लोग सरकार के कार्यों से संतुष्ट हैं और यही संतोष चुनाव परिणामों में भी दिखाई दिया है।
अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ईमानदारी की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब के पिछले 75 वर्षों के इतिहास में कई मुख्यमंत्री बने, लेकिन लगभग सभी पर किसी न किसी प्रकार के भ्रष्टाचार के आरोप लगे। इसके विपरीत भगवंत मान और उनकी सरकार के किसी भी मंत्री पर चार वर्षों में एक पैसे के भ्रष्टाचार का भी आरोप नहीं लगा है।
उन्होंने कहा कि यदि भगवंत मान या उनके किसी मंत्री के खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई भी आरोप होता तो केंद्र सरकार की एजेंसियां रोजाना छापेमारी करतीं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ क्योंकि सरकार पूरी तरह पारदर्शी और ईमानदार तरीके से काम कर रही है।
केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने जनता के पैसे को बचाकर लोगों को मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य सुरक्षा और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता राशि भेजने की योजना भी शुरू की जाएगी, जिससे लाखों परिवारों को लाभ मिलेगा।
जनता ने भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल को एक साथ नकारा: भगवंत मान
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल ने अप्रत्यक्ष रूप से एकजुट होकर आम आदमी पार्टी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पंजाब की जागरूक जनता ने उनकी रणनीति को विफल कर दिया।
उन्होंने कहा कि इन पारंपरिक दलों को एक ईमानदार सरकार से डर है क्योंकि इससे उनकी भ्रष्टाचार आधारित राजनीति खतरे में पड़ गई है। जनता ने झाड़ू के निशान पर भरोसा जताते हुए इन सभी दलों को चुनावी मैदान में करारी शिकस्त दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल यह स्वीकार नहीं कर पा रहे कि एक साधारण परिवार से आया व्यक्ति पंजाब का नेतृत्व कर रहा है और जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी धन का उपयोग स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और विकास कार्यों पर हो रहा है, न कि कमीशन और भ्रष्टाचार में।
भगवंत मान ने बताया कि पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक परिवारों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है। वहीं 67 हजार से अधिक युवाओं को बिना किसी सिफारिश और रिश्वत के पूरी तरह योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इसके अलावा कई टोल प्लाजा बंद कर लोगों को प्रतिदिन लाखों रुपये की राहत प्रदान की गई है।
किसानों को मिलेगा भरपूर नहरी पानी, भूजल संरक्षण पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार सिंचाई के लिए नहरी पानी की कोई कमी नहीं आने देगी। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार नहरों का पानी इस्तेमाल कर सकेंगे और सरकार हर खेत तक पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य की नहर प्रणाली को पुनर्जीवित किया गया है और उन क्षेत्रों तक भी पानी पहुंचाया गया है जहां पिछले तीन दशकों से नहरें सूखी पड़ी थीं। इससे भूजल पर निर्भरता कम होगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार “रंगला पंजाब” के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रही है तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और राज्य की समग्र प्रगति के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।