दैनिक खबरनामा| चंडीगढ़, 15 जून 2026. पंजाब में मतदाता सूचियों को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2026 के तहत 25 जून से राज्यव्यापी घर-घर गणना अभियान शुरू किया जाएगा। यह विशेष अभियान 24 जुलाई 2026 तक चलेगा, जिसके दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाताओं के घर-घर जाकर उनके विवरण की पुष्टि करेंगे और गणना प्रपत्र एकत्रित करेंगे।
इस महत्वपूर्ण अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब अनिंदिता मित्रा की मौजूदगी में भारत निर्वाचन आयोग के डिप्टी चुनाव आयुक्त भानू प्रकाश येतूरू की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में एस.ए.एस. नगर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, रोपड़ और शहीद भगत सिंह नगर के जिला चुनाव अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पंजाब का चुनावी तंत्र एसआईआर-2026 के सफल संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य में 5 डिवीजन, 23 जिले और 117 विधानसभा क्षेत्र हैं, जहां 14,664 स्थानों पर कुल 24,453 मतदान केंद्र स्थापित हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 85.82 प्रतिशत मतदाता मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है।
उन्होंने जानकारी दी कि अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, चुनाव तहसीलदारों तथा तकनीकी कर्मचारियों के लिए तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। वहीं बीएलओ और उनके सुपरवाइजर्स के लिए जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी हैं।
निर्वाचन विभाग द्वारा घर-घर सत्यापन अभियान के लिए आवश्यक चुनाव सामग्री की छपाई का कार्य भी अंतिम चरण में है, जिसे अभियान शुरू होने से पहले पूरा कर लिया जाएगा। विभाग ने इस पूरे अभियान को समयबद्ध और सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जिलों में समन्वित रणनीति तैयार की है।
डिप्टी चुनाव आयुक्त भानू प्रकाश येतूरू ने जिला चुनाव अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूचियों की शुद्धता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज न हो।
बैठक में बूथ लेवल अधिकारियों की भूमिका को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा गया कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने में सहायता करेंगे तथा मतदाता जागरूकता बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
उल्लेखनीय है कि डिप्टी चुनाव आयुक्त भानू प्रकाश येतूरू पंजाब के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे राज्य के विभिन्न जिलों में जाकर एसआईआर-2026 की तैयारियों की समीक्षा करेंगे और चुनावी मशीनरी की कार्यप्रणाली का जायजा लेंगे।
निर्वाचन विभाग को उम्मीद है कि इस व्यापक अभियान से मतदाता सूचियों की गुणवत्ता में सुधार होगा और आगामी चुनावों के लिए अधिक पारदर्शी एवं विश्वसनीय निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सकेगी।