पीएयू में चन्नी का स्वागत, विश्वविद्यालय के लिए 1000 करोड़ रुपये की विशेष ग्रांट की मांग
दैनिक खबरनामा | लुधियाना, 1 जून : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष एवं लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने दावा किया है कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में राज्य में फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता एक मंच पर हैं और पंजाब के लोगों के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं।
वड़िंग ने सोमवार को पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) में पूर्व मुख्यमंत्री एवं कृषि संबंधी संसदीय स्थायी समिति के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चन्नी न केवल संसदीय समिति के अध्यक्ष हैं, बल्कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री भी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रताप सिंह बाजवा, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने में जुटे हैं और आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करेंगे।
इस अवसर पर वड़िंग ने चन्नी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए पंजाब कृषि विश्वविद्यालय के लिए अनुसंधान कार्यों हेतु एकमुश्त 1000 करोड़ रुपये की विशेष ग्रांट तथा प्रतिवर्ष 50 से 60 करोड़ रुपये की नियमित सहायता राशि देने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीएयू लंबे समय से वित्तीय संकट का सामना कर रहा है और कई बार कर्मचारियों तथा वैज्ञानिकों के वेतन के लिए भी धन की कमी हो जाती है।
उन्होंने कहा कि देश की खाद्य सुरक्षा में पीएयू का योगदान ऐतिहासिक रहा है, क्योंकि हरित क्रांति की शुरुआत इसी संस्थान से हुई थी। ऐसे में विश्वविद्यालय को पर्याप्त वित्तीय सहायता मिलना आवश्यक है।
नगर कौंसिल चुनावों में आम आदमी पार्टी की जीत के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए वड़िंग ने कहा कि पिछले दो दशकों से स्थानीय निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ दल को बढ़त मिलती रही है, लेकिन इसका विधानसभा चुनावों के परिणामों से कोई सीधा संबंध नहीं होता। उन्होंने दावा किया कि पूर्व सरकारों की तुलना में मौजूदा आप सरकार के कार्यकाल में विपक्ष का प्रदर्शन अधिक प्रभावी रहा है।
वड़िंग ने कानून-व्यवस्था, नशे, रोजगार और वित्तीय प्रबंधन के मुद्दों पर भी पंजाब सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में प्रशासनिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार और कर्ज के बोझ से पंजाब को बाहर निकालने में असफल रही है।
रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री को जनता को यह बताना चाहिए कि उन्होंने अपने कार्यकाल में पंजाब के लिए क्या उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने रोजगार और रेल परियोजनाओं को लेकर भी सवाल उठाए।
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा कांग्रेस को लोकतांत्रिक पार्टी बताए जाने संबंधी टिप्पणी पर वड़िंग ने कहा कि अब उन्हें भी यह महसूस हो गया होगा कि कांग्रेस एक खुली सोच और लोकतांत्रिक परंपराओं वाली पार्टी है, जबकि भाजपा में निर्णय लेने की प्रक्रिया सीमित है।
ईद के अवसर पर नमाज में शामिल न होने को लेकर उठे सवालों पर वड़िंग ने कहा कि इस विषय का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह नियमित रूप से धार्मिक नेताओं और विभिन्न समुदायों के लोगों से मिलते रहते हैं, लेकिन ईद के दिन अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त रहने के कारण शामिल नहीं हो सके।
इस अवसर पर जस्सी खंगूड़ा, सुरिंदर डावर, कुलदीप सिंह वैद, पवन दीवान, संजय तलवाड़ सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।