दैनिक खबरनामा । अलीगढ़, 1 जुलाई : पांच महीने बाद महंगाई से परेशान लोगों को पेट्रोलियम मंत्रालय से राहत मिली है। बुधवार को मंत्रालय ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 183.50 रुपये की कटौती की घोषणा की। अब यह सिलेंडर 3172.50 रुपये की जगह 2989 रुपये में उपलब्ध होगा।
दाम बढ़ने के कारण होटल, रेस्टोरेंट, ठेले और ढाबा संचालकों ने खाने-पीने की चीजों के भाव बढ़ा दिए थे। मंत्रालय पहले ही कमर्शियल सिलेंडर की रिफिलिंग पर लगे प्रतिबंध हटा चुका है। नई कीमत से कारोबारियों का खर्च कम होगा।
इसके साथ ही नायरा पेट्रोलियम कंपनी ने भी अपने पंपों पर दरें घटाई हैं। कंपनी के पंप संचालक अतिशय जैन के अनुसार, पेट्रोल 5 रुपये सस्ता होकर 107.30 रुपये से 102.30 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल 3 रुपये घटकर 98.39 रुपये से 95.30 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि अब नायरा के रेट सरकारी तेल कंपनियों के पंपों के लगभग बराबर हो गए हैं।
गौरतलब है कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव के चलते पेट्रोलियम मंत्रालय ने 8 मार्च को घरेलू गैस की आपूर्ति बनाए रखने के लिए 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर सख्ती कर दी थी। इसके बाद बाजार में गैस की किल्लत हो गई थी।
पिछले तीन महीनों में मंत्रालय चार बार में कमर्शियल सिलेंडर पर कुल 1244.50 रुपये बढ़ा चुका था। इससे यह 3172.50 रुपये तक पहुंच गया था और आसानी से मिल भी नहीं रहा था।
अलीगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष मानव महाजन ने कहा कि यह फैसला बड़ी राहत लेकर आया है और पेट्रोलियम मंत्रालय सामान्य स्थिति की तरफ बढ़ रहा है। अलीगढ़ एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन की महामंत्री प्रतिमा सिंह ने बताया कि नई दरें तुरंत प्रभाव से लागू कर दी जाएंगी।