दैनिक खबरनामा
30 जुलाई नई दिल्ली : बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के तहत बुधवार, 30 जुलाई को मतदान जारी है। बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन तीनों सीटों के लिए मतगणना 3 अगस्त को होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
बिहार की बांकीपुर सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनसुराज और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। दूसरी ओर, मध्य प्रदेश की दतिया तथा गुजरात की मांजलपुर सीट पर भाजपा और कांग्रेसके बीच सीधी चुनावी टक्कर देखने को मिल रही है।
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव पूर्व विधायक नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद कराया जा रहा है। वहीं, मध्य प्रदेश की दतियासीट पर पूर्व विधायक की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के कारण चुनाव आवश्यक हुआ। गुजरात की मांजलपुर सीट वरिष्ठ भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई थी, जिसके चलते वहां भी उपचुनाव कराया जा रहा है।
तीनों राज्यों की इन सीटों पर हो रहे उपचुनाव को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मतदान समाप्त होने के बाद अब सभी राजनीतिक दलों और मतदाताओं की निगाहें 3 अगस्त को घोषित होने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।