दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 22 अक्टूबर: सेक्टर-23 के एक मकान में रात के समय हुई 25 लाख से अधिक की चोरी की वारदात को चंडीगढ़ पुलिस ने अगले ही दिन सुलझा लिया है। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ चोरी का पूरा सामान भी बरामद कर लिया है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता ने वारदात के दौरान एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया था, जबकि उसके दो साथी सामान लेकर भाग गए थे। बाद में पुलिस ने तीनों को पकड़ कर उनसे गहने, नकदी और अन्य सामान बरामद किया।
सेक्टर-23-डी के रहने वाले सिद्धार्थ गुलाटी ने शिकायत दी थी कि 20 अक्टूबर की रात उनके घर से सोने के जेवर, नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी हो गए हैं। शिकायत पर सेक्टर-17 थाने में 21 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की गई। शिकायतकर्ता ने मौके पर ही बसंत उर्फ बाशु को दबोच लिया था, जबकि विकास और आकाश उर्फ बुच्ची चोरी का माल लेकर फरार होने में कामयाब हो गए थे।
पूरे जेवर बरामद होने का दावा
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बसंत उर्फ बाशु (27) निवासी डड्डूमाजरा कॉलोनी, सेक्टर-38 वेस्ट, विकास (25) निवासी ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स, मलोया और आकाश उर्फ बुच्ची (25) निवासी ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स, मलोया के रूप में की है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से सोने की चूड़ियों का एक जोड़ा, महिलाओं की सोने की अंगूठी, सोने के झुमके, गुलाबी फूल डिजाइन वाला एक ईयररिंग, दो हल्के वजन के सोने के पेंडेंट, सोने का नेकलेस सेट और चांदी की पांच जोड़ी पायलें बरामद हुई हैं। इसके अलावा करीब 6,200 रुपये नकद और ड्राइविंग लाइसेंस व आधार कार्ड जैसे दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस का दावा है कि चोरी गए सभी आभूषण शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं।
बाइक और वारदात में इस्तेमाल औजार भी मिले
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से एक पल्सर बाइक, हथौड़ा, प्लास और अन्य सामान भी बरामद किया गया है। जांच में पता चला है कि बसंत उर्फ बाशु के खिलाफ साल 2018 में पंचकूला के सेक्टर-5 थाने में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ था। जबकि विकास और आकाश का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
यह पूरी कार्रवाई एसएसपी कंवरदीप कौर के निर्देश पर पुलिस चौकी सेक्टर-22 के इंचार्ज एसआई सुनील कुमार की टीम ने की है। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।