दैनिक खबरनामा। शिमला, 22 अक्टूबर 2026 : सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) की मेजबानी में 29वें अंतर-सीपीएसयू कैरम टूर्नामेंट का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत पावर स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (पीएससीबी) के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन एसजेवीएन के मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज पोरवाल (आईटीएस) ने किया। एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री भूपेन्द्र गुप्ता ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री पंकज पोरवाल ने कहा कि इस टूर्नामेंट की मेजबानी करना एसजेवीएन के लिए गर्व की बात है। यह आयोजन कंपनी की खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपने कौशल और विश्लेषणात्मक क्षमता को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सौहार्द और खेल भावना को मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।
विभिन्न संगठनों के बीच मजबूत होंगे संबंध
स्वागत संबोधन में मानव संसाधन विभाग की प्रमुख श्रीमती सीमा कुमार ने सभी प्रतिभागी टीमों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं विभिन्न संगठनों के बीच आपसी तालमेल और संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ परस्पर सम्मान तथा निष्पक्ष खेल भावना को बढ़ावा देती हैं।
12 टीमें दिखाएंगी खेल कौशल
प्रतियोगिता में विद्युत मंत्रालय, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण तथा विभिन्न केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (सीपीएसयू) की पुरुष एवं महिला टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें बीबीएमबी, डीवीसी, ग्रिड इंडिया, नीपको, एनएचपीसी, पीएफसी, पीजीसीआईएल, आरईसी, टीएचडीसी और एसजेवीएन शामिल हैं। कुल 12 टीमें एकल और टीम स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
टूर्नामेंट के दौरान इंडियन कैरम फेडरेशन के नियमों का पालन किया जाएगा। प्रतियोगिता का समापन समारोह 26 अक्टूबर, 2026 को आयोजित होगा।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में एसजेवीएन के कार्यकारी निदेशक (वित्त) श्री बी.आर. सेठी, विभागाध्यक्ष (सीएफएमडी) श्री दीपक सिन्हा, विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) श्रीमती सीमा कुमार और मुख्य महाप्रबंधक श्री हितेश कपूर उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड राज्य कैरम एसोसिएशन के मुख्य रेफरी श्री अनिल कुमार गुप्ता, हिमाचल प्रदेश राज्य कैरम एसोसिएशन के उप-मुख्य रेफरी एवं महासचिव श्री विनोद कुमार तथा दोनों एसोसिएशनों के वरिष्ठ अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।
खेलों को प्रोत्साहित करने की पहल
पावर स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा गठित खेल निकाय है, जिसे भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय का संरक्षण प्राप्त है। इसका उद्देश्य विद्युत क्षेत्र के संगठनों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों की प्रतिस्पर्धात्मक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना है। एसजेवीएन में आयोजित यह प्रतियोगिता इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।