दैनिक खबरनामा। मोहाली / जीरकपुर, 8 अगस्त: बिजली विभाग ने जीरकपुर क्षेत्र के कुछ उपभोक्ताओं को इस महीने वास्तविक रीडिंग की बजाय अनुमानित खपत के आधार पर बिल भेज दिए हैं। कई बिलों में ‘एन-कोड’ और औसत यूनिट का जिक्र है। विभाग ने साफ किया है कि इसमें चिंता की कोई बात नहीं है, समस्या का हल घर बैठे ही हो जाएगा।
अधिकारियों के मुताबिक, निर्धारित बिलिंग चक्र के अनुसार अब फील्ड स्टाफ मौके पर जाकर असल मीटर रीडिंग नोट कर रहा है। एक बार वास्तविक खपत दर्ज होने के बाद नया बिल जारी किया जाएगा और पहले वाले औसत बिल की राशि को उसमें नियमानुसार समायोजित कर दिया जाएगा।
घर से भेजें रीडिंग, नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर
विभाग ने कहा कि जो उपभोक्ता अपने बिल को तुरंत ठीक कराना चाहते हैं, उन्हें दफ्तर आने की जरूरत नहीं है। इसके लिए हेल्पलाइन के तौर पर व्हाट्सएप सेवा शुरू की गई है। उपभोक्ता अपने मीटर की साफ तस्वीर या वीडियो भेज सकते हैं, जिसमें तीन आंकड़े स्पष्ट दिखें:
– केडब्ल्यूएच — कुल यूनिट खपत
– केवीएएच — कुल केवीए यूनिट
– एमडीआई — अधिकतम मांग
यह जानकारी अपने क्षेत्र के संबंधित मीटर रीडिंग सुपरवाइजर को व्हाट्सएप करनी होगी। रीडिंग मिलते ही विभाग संशोधित बिल तैयार करके उसे उपभोक्ता के व्हाट्सएप या ई-मेल पर भेज देगा। कर्मचारियों की कमी के कारण यह व्यवस्था उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए लागू की गई है।
अगर बकाया बिल समय पर जमा नहीं किया गया तो कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी हो सकती है।
सम्पर्क के लिए व्हाट्सएप नंबर
– ढकोली, बलटाना, गाजीपुर, सनोली, पीरमुछल्ला और आसपास: 9781171891
– लोहगढ़, रामगढ़ बुड्ढा, भाभाट, दयालपुरा, चाट और आसपास: 9466333233
विभाग ने अपील की है कि उपभोक्ता घबराने के बजाय तुरंत सही रीडिंग साझा करें, ताकि बिल में पारदर्शिता बनी रहे और किसी को अतिरिक्त भुगतान न करना पड़े।