दैनिक खबरनामा। मोहाली, 20 जुलाई: जर्मनी में रोजगार दिलाने के नाम पर मोटी रकम वसूलने और नकली कागजात थमाने के आरोप में मोहाली स्थित एक इमिग्रेशन फर्म के खिलाफ एनआरआई पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कंपनी की संचालिका और हेड काउंसलर के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 61 और पंजाब इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत कार्रवाई शुरू की है।
शिकायत पटियाला की रहने वाली प्रिया कुमारी ने दर्ज कराई है। प्रिया ने बताया कि अगस्त 2025 में वह अपने साथ दो अन्य लोगों के लिए जर्मनी का वर्क वीजा बनवाने के मकसद से मोहाली के फेज-3बी2 में मौजूद न्यू होरीजन वीजा के दफ्तर पहुंची थीं।
आरोप है कि वीजा प्रक्रिया के बदले एजेंसी ने तीनों आवेदकों से कुल 10.50 लाख रुपये ले लिए। कुछ दिन बाद कंपनी की तरफ से उन्हें जर्मनी के एक नामी होटल में नौकरी का ऑफर लेटर और अन्य जरूरी दस्तावेज दे दिए गए।
प्रिया को कागजातों पर शक हुआ तो उन्होंने सीधे होटल प्रबंधन को ई-मेल भेजकर पुष्टि कराई। होटल की तरफ से जवाब आया कि उनके पास इस नाम से न तो कोई ऑफर लेटर जारी हुआ है और न ही अभी कोई भर्ती चल रही है। इसके बाद प्रिया ने खुद को ठगा गया मानते हुए एनआरआई विंग पंजाब में शिकायत सौंप दी।
शुरुआती जांच एनआरआई थाना पटियाला ने की। जांच पूरी होने के बाद पूरी रिपोर्ट एनआरआई विंग के पंजाब मुख्यालय भेजी गई। मुख्यालय की सिफारिश पर अब मोहाली एनआरआई थाने में न्यू होराइजन वीजा की संचालिका रमनदीप कौर और हेड काउंसलर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।