दैनिक ख़बरनामा 19 अप्रैल 2026 पंजाब के गांव गंडीविंड धत्तल में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक किसान नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, दो युवक घर के बाहर पहुंचे और किसी बहाने से किसान नेता को बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर आए, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने पिस्टल से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
हमले में गंभीर रूप से घायल हुए किसान नेता की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान आत्मा सिंह पुत्र महिंदर सिंह के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू घटना की सूचना मिलते ही थाना चोहला साहिब की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
सबूत जुटाने में जुटी पुलिस पुलिस द्वारा घटनास्थल से अहम सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। एसपी रिपुतपन के मुताबिक, अभी तक मामले में किसी तरह की फिरौती, धमकी या गैंगस्टर एंगल सामने नहीं आया है।
हत्या के कारणों पर सस्पेंस बरकरार फिलहाल हत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।