दैनिक खबरनामा 5 मई 2026 Mohali के खरड़ स्थित Western Towers सोसाइटी में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब इंफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) की टीम ने आईटी सेक्टर से जुड़े एक कारोबारी के फ्लैट पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान नौवीं मंजिल से कैश से भरा एक बैग नीचे फेंक दिया गया। बैग जमीन पर गिरते ही फट गया और उसमें रखी नोटों की गड्डियां चारों तरफ बिखर गईं।जानकारी के मुताबिक, बैग में करीब 21 लाख रुपये नकद थे। बताया जा रहा है कि ED टीम के पहुंचने की भनक पहले ही कारोबारी को लग गई थी। इसके बाद फ्लैट नंबर 906 से कथित तौर पर लाल रंग के बैग में नकदी भरकर उसे एक सफेद बैग में रखा गया और नीचे फेंक दिया गया। नीचे पहले से मौजूद ड्राइवर बैग उठाकर सफेद कार में फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद ED अधिकारियों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।प्राथमिक जांच में फ्लैट में रहने वाले व्यक्ति की पहचान नितिन कुमार गोहिल के रूप में हुई है, जो आईटी सेक्टर से जुड़ा बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, उसके कुछ राजनीतिक संपर्क होने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सोसाइटी निवासियों ने बताया कि वह करीब चार महीने पहले ही यहां रहने आया था।घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल बिल्डिंग को सील कर जांच जारी है।