
प्री–एक्जिस्टिंग बीमारियों पर भी पहले दिन से कवरेज, 46 लाख से अधिक हेल्थ कार्ड जारी
दैनिक खबरनामा| ब्यूरो, चंडीगढ़, 12 जून 2026. पंजाब सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ राज्य के लाखों परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा की मजबूत ढाल बनकर उभरी है। बिना किसी प्रीमियम भुगतान के उपलब्ध यह योजना निजी स्वास्थ्य बीमा के मुकाबले अधिक सुलभ और किफायती विकल्प साबित हो रही है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि योजना लागू होने के मात्र पांच महीनों के भीतर 2.26 लाख से अधिक मरीजों का 3.65 लाख उपचार प्रक्रियाओं के जरिए 632.50 करोड़ रुपये की लागत से इलाज किया जा चुका है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि निजी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं में जहां हर वर्ष प्रीमियम का भुगतान करना पड़ता है और उम्र बढ़ने के साथ इसकी लागत भी बढ़ती जाती है, वहीं मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क स्वास्थ्य कवरेज उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी नागरिक आर्थिक तंगी के कारण उपचार से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार योजना के तहत कैंसर, हृदय रोग, डायलिसिस, आईसीयू सेवाओं सहित 2,300 से अधिक उपचार पैकेज उपलब्ध हैं। सबसे बड़ी विशेषता यह है कि डायबिटीज, हाइपरटेंशन और हृदय रोग जैसी पहले से मौजूद बीमारियों के लिए भी पहले दिन से कवरेज मिलता है। जबकि निजी बीमा योजनाओं में ऐसे मामलों में अक्सर दो से चार वर्ष तक की प्रतीक्षा अवधि लागू होती है।
उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए लाभदायक साबित हुई है, क्योंकि निजी बीमा में उन्हें अधिक प्रीमियम और कई तरह की सीमाओं का सामना करना पड़ता है। मुख्यमंत्री सेहत योजना में सभी पात्र लाभार्थियों को समान स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि राज्य भर के 850 सूचीबद्ध अस्पतालों में योजना के तहत कैशलेस और पेपरलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध है। सरकारी और निजी दोनों अस्पतालों को इस नेटवर्क में शामिल किया गया है, जिससे मरीजों को न्यूनतम दस्तावेजों के साथ त्वरित उपचार मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि निजी बीमा योजनाएं कुछ अतिरिक्त और अनुकूलित सुविधाएं प्रदान कर सकती हैं, लेकिन उनमें एक्सक्लूजन, को-पेमेंट, सब-लिमिट, प्रतीक्षा अवधि और बढ़ते प्रीमियम जैसी शर्तें भी होती हैं। इसके विपरीत मुख्यमंत्री सेहत योजना राज्य के हर पात्र परिवार तक स्वास्थ्य सुरक्षा पहुंचाने का कार्य कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अब तक योजना के तहत 46.21 लाख से अधिक हेल्थ कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लगभग 22 लाख परिवारों को स्वास्थ्य कवरेज प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि योजना को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि पंजाब सरकार गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के अपने संकल्प पर मजबूती से आगे बढ़ रही है।