
दैनिक खबरनामा/ब्यूरो/चंडीगढ़/10 जून, 2026. पंजाब सरकार ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजस्व विभाग में 48 नए तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति की है। पंजाब के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बुधवार को पंजाब भवन में आयोजित समारोह के दौरान 11 जिला सिस्टम मैनेजर (डीएसएम) और 37 सहायक सिस्टम मैनेजर (एएसएम) को नियुक्ति पत्र सौंपे।
नव-नियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरी पारदर्शिता और योग्यता आधारित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन पदों पर भर्ती की पूरी प्रक्रिया रिकॉर्ड समय में संपन्न की गई है।

मुंडियां ने बताया कि पंजाब लैंड रिकॉर्ड्स सोसायटी द्वारा अप्रैल 2025 में जिला सिस्टम मैनेजर और सहायक सिस्टम मैनेजर के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। निर्धारित चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद योग्य उम्मीदवारों का चयन किया गया, जिन्हें अब राजस्व विभाग की डिजिटल सेवाओं को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी चयनित उम्मीदवारों को जालंधर स्थित डायरेक्टर लैंड रिकॉर्ड्स कार्यालय में दो महीने का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें एक माह का राजस्व प्रशिक्षण और एक माह का फील्ड प्रशिक्षण शामिल होगा, ताकि अधिकारी तकनीकी दक्षता के साथ-साथ जमीनी स्तर पर कार्य करने का अनुभव भी प्राप्त कर सकें।
राजस्व मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अब तक 66 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं, जिससे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने नव-नियुक्त अधिकारियों से ईमानदारी, समर्पण और पेशेवर दृष्टिकोण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भूमि अभिलेखों के आधुनिकीकरण और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में इन अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को किसी भी प्रकार के अनुचित दबाव या प्रभाव से दूर रहकर जनहित में कार्य करने की सलाह दी।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव-सह-वित्त आयुक्त (राजस्व) अनुराग वर्मा ने कहा कि सभी चयनित उम्मीदवारों का चयन पूरी तरह योग्यता के आधार पर हुआ है। उन्होंने बताया कि पंजाब में भूमि अभिलेखों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है और इन रिकॉर्डों के रखरखाव, अद्यतन और प्रबंधन में डीएसएम और एएसएम की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि नव-नियुक्त अधिकारी अपनी तकनीकी विशेषज्ञता और कार्यनिष्ठा के बल पर राज्य की डिजिटल भूमि अभिलेख प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाएंगे तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में योगदान देंगे।
इस अवसर पर विशेष सचिव-सह-डायरेक्टर लैंड रिकॉर्ड्स परमवीर सिंह सहित राजस्व विभाग, पंजाब लैंड रिकॉर्ड्स सोसायटी और डायरेक्टर लैंड रिकॉर्ड्स कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।