दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 4 अगस्त 2026. पंजाब सरकार ने राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए एक महत्वाकांक्षी पहल की घोषणा की है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में अगस्त और सितंबर 2026 के दौरान पूरे पंजाब में लोकप्रिय नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ का भव्य मंचन कराया जाएगा। राज्य के 12 शहरों में कुल 41 प्रस्तुतियां आयोजित होंगी।
पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि सरकार रामायण के शाश्वत संदेश और भगवान श्रीराम के आदर्शों को आधुनिक रंगमंच के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सनातन परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा।
युवाओं में लोकप्रिय, अब पंजाब की बारी
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना प्राप्त कर चुके नाटक ‘हमारे राम’ को विशेष रूप से युवाओं का भरपूर समर्थन मिला है। अब पंजाब सरकार इस भव्य प्रस्तुति को राज्य के लोगों तक पहुंचाने जा रही है। शो के दौरान अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था, साउंड इफेक्ट्स, विजुअल तकनीक और आकर्षक मंच सज्जा का उपयोग किया जाएगा।
रामायण की नई और अनोखी प्रस्तुति
फेलिसिटी थिएटर द्वारा निर्मित यह नाट्य प्रस्तुति पारंपरिक कथानक से अलग दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है। कहानी माता सीता के वियोग के बाद लव-कुश द्वारा भगवान राम का सामना करने से आरंभ होती है और सूर्य देव के दिव्य दृष्टिकोण से आगे बढ़ती है। यह प्रस्तुति दर्शकों को रामायण की एक नई व्याख्या से परिचित कराती है।
प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा रावण की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि राहुल आर. भूचर भगवान राम का किरदार निभाएंगे।
कहां-कहां होंगे मंचन
7-8 अगस्त : मोहाली
9 व 24 अगस्त : बठिंडा
28-29 अगस्त : जालंधर
30 अगस्त : फिरोजपुर
4-5 सितंबर : होशियारपुर
6 व 11 सितंबर : गुरदासपुर
12-13 सितंबर : पठानकोट
16-17 सितंबर : अमृतसर
18-19 सितंबर : पटियाला
20 सितंबर : खन्ना
25-26 सितंबर : लुधियाना
27 सितंबर : संगरूर
सरकार की सांस्कृतिक प्रतिबद्धता
मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि यह पहल केवल एक नाट्य प्रस्तुति नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और नैतिक मूल्यों को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने का अभियान है। आधुनिक तकनीक, संगीत और नाट्य कला के संगम से तैयार यह कार्यक्रम हर आयु वर्ग के दर्शकों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।
पंजाब हेरिटेज एवं पर्यटन प्रमोशन बोर्ड के सलाहकार दीपक बाली ने लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होकर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जीवन और आदर्शों पर आधारित इस भव्य प्रस्तुति का साक्षी बनने की अपील की है।