दैनिक खबरनामा|चंडीगढ़, 20 जून 2026. पंजाब में स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य चुनाव आयोग ने नगर निगम होशियारपुर, नगर परिषद गुरु हरसहाय, नगर परिषद जलालाबाद और नगर पंचायत ममदोट के आम चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जो चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 22 जून से शुरू होगी और उम्मीदवार 25 जून 2026 को शाम तीन बजे तक अपने नामांकन पत्र संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालय में जमा कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 26 जून को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार 27 जून को दोपहर तीन बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
चुनाव के तहत नगर निगम होशियारपुर (जिला होशियारपुर), नगर परिषद गुरु हरसहाय (जिला फिरोजपुर), नगर परिषद जलालाबाद (जिला फाजिल्का) और नगर पंचायत ममदोट (जिला फिरोजपुर) में 5 जुलाई 2026 (रविवार) को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के माध्यम से होगा तथा मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर ही मतगणना की जाएगी।
राज्य चुनाव आयोग ने कहा है कि चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।