मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान बोले— खेलों में निवेश से पंजाब बनेगा देश का स्पोर्ट्स हब, जल्द शुरू होगी क्रिकेट और हॉकी प्रीमियर लीग

दैनिक खबरनामा | संगरूर, 30 जून 2026. पंजाब को देश का अग्रणी खेल राज्य बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को संगरूर के वार हीरोज स्टेडियम में 9.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ओलंपिक स्तर के अत्याधुनिक स्विमिंग पूल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि संगरूर आने वाले समय में एशियाई, विश्व और ओलंपिक चैंपियनों की नई नर्सरी बनकर उभरेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार यह स्विमिंग पूल खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगा। 50 मीटर लंबा और 21 मीटर चौड़ा यह पूल आधुनिक तकनीक से बनाया गया है, जिसकी गहराई लगभग 4.5 से 7.5 फुट तक है। परिसर में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक चेंजिंग रूम, शॉवर, प्रशिक्षकों के लिए विशेष कक्ष, जिम्नेजियम, स्टोर रूम तथा सात वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए अलग मिनी स्विमिंग पूल भी विकसित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने खेलों को कभी प्राथमिकता नहीं दी और खेल बजट 200 करोड़ रुपये से आगे नहीं बढ़ पाया। उनकी सरकार ने इसे बढ़ाकर 1,790 करोड़ रुपये कर दिया है, जिससे खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों को व्यापक समर्थन मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए अग्रिम वित्तीय सहायता दी जाएगी, जबकि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने पर एक करोड़ रुपये, रजत पदक पर 75 लाख रुपये और कांस्य पदक पर 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब को पहली बार एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का अवसर मिला है। अक्टूबर-नवंबर में मोहाली और जालंधर में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता से राज्य की खेल पहचान और मजबूत होगी। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने के उद्देश्य से पंजाब सरकार जल्द ही पंजाब क्रिकेट प्रीमियर लीग और पंजाब हॉकी लीग भी शुरू करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्विमिंग पूल केवल एक खेल सुविधा नहीं, बल्कि भविष्य के ओलंपियन तैयार करने का केंद्र बनेगा। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए संसाधनों और सुविधाओं की कोई कमी नहीं आने देगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए पूरे पंजाब में 3,100 खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य राज्य में ऐसा खेल वातावरण तैयार करना है, जहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अधिक से अधिक खिलाड़ी उभरकर देश का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह तथा तरुणप्रीत सिंह सोंध सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।