दैनिक खबरनामा। साहिबाबाद (गाजियाबाद), 5 जून 2026: बकरीद के दिन हुए चर्चित सूर्या हत्याकांड के बाद गाजियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में उत्पन्न सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। प्रशासन ने क्षेत्र की 19 मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों में करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की।
हत्याकांड के बाद कुछ हिंदू संगठनों द्वारा जुमे की नमाज का विरोध किए जाने और चेतावनी दिए जाने के चलते प्रशासन पहले से ही सतर्क था। शुक्रवार सुबह से ही पूरे खोड़ा क्षेत्र में भारी पुलिस बल की मौजूदगी रही। संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की गई और ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी रखी गई।
पुलिस प्रशासन ने नवनीत विहार कॉलोनी की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही सीमित कर दी। सुरक्षा कारणों से मुख्य मार्ग पर स्थित कई दुकानों को बंद रखने के निर्देश भी दिए गए।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खोड़ा की सभी 19 मस्जिदों में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पहली पाली की नमाज बिना किसी व्यवधान के पूरी हो गई, जबकि दूसरी पाली की नमाज भी प्रशासन की निगरानी में आयोजित की जा रही है।
गौरतलब है कि बकरीद के दिन खोड़ा थाना क्षेत्र की नवनीत विहार कॉलोनी में हुए सूर्या हत्याकांड के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। मामले को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि मृतक के परिजनों से मिलने पहुंचे थे, जिसके बाद प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं।