दैनिक खबरनामा । देहरादून, 18 जून : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने राज्य में ग्रुप-सी के अंतर्गत जूनियर असिस्टेंट और स्टेनोग्राफर पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे स्नातक युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर है। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से शुरू होगी और इच्छुक अभ्यर्थी 6 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, आवेदन पत्र में संशोधन के लिए 8 से 10 जुलाई 2026 तक का समय दिया जाएगा।
398 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 398 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें—
जूनियर असिस्टेंट (सिविल न्यायालय) – 230 पद
जूनियर असिस्टेंट (कुटुम्ब न्यायालय) – 29 पद
आशुलिपिक ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक – 128 पद
आशुलिपिक ग्रेड-1/वैयक्तिक सहायक (कुटुम्ब न्यायालय) – 11 पद
शामिल हैं।
आयु सीमा
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता
उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक (ग्रेजुएशन) की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही हिंदी भाषा का पर्याप्त ज्ञान भी आवश्यक है।
जूनियर असिस्टेंट पद के लिए अभ्यर्थी को कंप्यूटर टाइपिंग में कम से कम 25 शब्द प्रति मिनट की गति होनी चाहिए।
स्टेनोग्राफर पद के लिए हिंदी आशुलेखन में न्यूनतम 80 शब्द प्रति मिनट तथा कंप्यूटर टाइपिंग में 25 शब्द प्रति मिनट की गति अनिवार्य है।
ऐसा होगा चयन और परीक्षा पैटर्न
भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा देनी होगी। परीक्षा में सामान्य ज्ञान और सामान्य अध्ययन से संबंधित 140 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि ढाई घंटे निर्धारित की गई है।
इसके अलावा, अभ्यर्थियों की दक्षता जांचने के लिए 60 अंकों की टंकण (टाइपिंग) एवं आशुलिपिक परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।
ग्रेजुएट युवाओं के लिए बड़ा अवसर
उत्तराखंड न्यायालयों में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे स्नातक युवाओं के लिए यह भर्ती एक बड़ा अवसर साबित हो सकती है। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन शुरू होते ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।