दैनिक खबरनामा ब्यूरो| शिमला, 2 जून : पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए एसजेवीएन ने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत शिमला में विशेष वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया। कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेन्द्र गुप्ताके नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
हिमाचल प्रदेश राज्य वन विभाग के सहयोग से शिमला के चमियाणा क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में अजय कुमार शर्मा, निदेशक (कार्मिक), पंकज पोरवाल, मुख्य सतर्कता अधिकारी तथा लेफ्टिनेंट कर्नल लखविंदर सिंह, 133 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) इको डोगरा ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर अजय कुमार शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से देवदार, ओक, अखरोट, अनार सहित विभिन्न प्रजातियों के कुल 150 पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगी, बल्कि लोगों में जागरूकता बढ़ाने और जनसहभागिता को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
वृक्षारोपण अभियान में 133 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) इको डोगरा, हिमाचल प्रदेश राज्य वन विभाग के अधिकारियों के अलावा एसजेवीएन कॉरपोरेट मुख्यालय, शिमला के विभागाध्यक्षों, वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने इसे हरित और स्वच्छ भविष्य की दिशा में एक सार्थक पहल बताते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह अभियान प्रकृति संरक्षण और सतत विकास के प्रति एसजेवीएन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है तथा समाज में पर्यावरण के प्रति सकारात्मक संदेश देने का कार्य करता है।