दैनिक खबरनामा। शिमला, 22 अक्टूबर: हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्य के गृह विभाग ने सात हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा (HPS) अधिकारियों के तबादला व तैनाती आदेश जारी किए हैं। विभाग की ओर से 22 अक्टूबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक सभी अधिकारियों की नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएंगी।
बबीता राणा को बनगढ़ में मिली जिम्मेदारी
2008 बैच की HPS अधिकारी बबीता राणा जो अब तक प्रथम सशस्त्र पुलिस बटालियन जुन्गा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर तैनात थीं, उन्हें अब प्रथम इंडिया रिजर्व बटालियन बनगढ़, ऊना में ASP (लीव रिजर्व) के तौर पर भेजा गया है।
फिरोज खान बने DSP इंटेलिजेंस, शिमला
2018 बैच के HPS अधिकारी फिरोज खान, जो ऊना में विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो में DSP के पद पर कार्यरत थे, उन्हें अब शिमला में DSP (इंटेलिजेंस) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं 2018 बैच के ही अजय कुमार-तृतीय, जो तृतीय इंडिया रिजर्व बटालियन पंडोह, मंडी में DSP थे, अब कुल्लू जिले के मनाली में SDPO के पद पर तैनात होंगे।
संजीव और हेमराज को लीव रिजर्व का प्रभार
पुलिस मुख्यालय शिमला में पोस्टिंग का इंतजार कर रहे 2019 बैच के HPS अधिकारी संजीव कुमार-चतुर्थ को जिला शिमला में DSP (लीव रिजर्व) नियुक्त किया गया है। जबकि ऊना में DSP (मुख्यालय) के तौर पर तैनात रहे 2021 बैच के अधिकारी हेम राज को पुलिस मुख्यालय शिमला में DSP (लीव रिजर्व) के पद पर भेजा गया है।
विक्रांत बोंसरा शिमला मुख्यालय में शिफ्ट
मनाली में SDPO के तौर पर सेवाएं दे रहे 2022 बैच के अधिकारी विक्रांत बोंसरा को पुलिस मुख्यालय शिमला में DSP (लीव रिजर्व) लगाया गया है। उनके पास केलंग, लाहुल-स्पीति में विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो के DSP का अतिरिक्त प्रभार भी था। इसके अलावा प्रथम सशस्त्र पुलिस बटालियन जुन्गा में DSP के पद पर रहे 2013 बैच के हरीश कुमार शर्मा को पुलिस लाइन भराड़ी में नई तैनाती दी गई है।