दैनिक वर्णम 29 मार्च 2026 पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर में पत्नी की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा मिलने के बाद फरार हुए सेना के बर्खास्त कैप्टन संदीप तोमर को पुलिस ने मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब 4 साल से पहचान छिपाकर एक जूस फैक्ट्री में इंचार्ज के तौर पर काम कर रहा था।पुलिस के मुताबिक, संदीप तोमर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर का रहने वाला है और अबोहर छावनी में कैप्टन के पद पर तैनात था। उसने वर्ष 2013 में शादी के महज 5 महीने बाद ही अपनी पत्नी श्वेता सिंह की गला दबाकर हत्या कर दी थी। पहले इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन जांच में हत्या का खुलासा हुआ।मृतका के पिता के बयान पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि श्वेता की मौत फांसी से नहीं बल्कि गला दबाने से हुई थी। इसके बाद संदीप को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया और सेना ने भी उसे बर्खास्त कर दिया।करीब 5 साल जेल में रहने के बाद उसे जमानत मिल गई थी, लेकिन उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद वह फरार हो गया। अब पुलिस ने उसे पकड़कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।