दैनिक ख़बरनामा 13 अप्रैल 2026 साहिबजादा अजीत सिंह नगर, जिले में व्यापारियों और दुकानदारों की लंबित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) गीतिका सिंह ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि महीने के अंत तक सभी बकाया मामलों का निपटारा सुनिश्चित किया जाए।जिला ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन रणजीत पाल सिंह, वाइस चेयरमैन तरलोचन सिंह बैदवान और विभिन्न विधानसभा क्षेत्र स्तरीय समितियों के चेयरपर्सनों की मौजूदगी में आयोजित संयुक्त समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीसी ने कहा कि कमीशन का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को बेहतर कारोबारी माहौल प्रदान करना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना है।उन्होंने बताया कि अब तक की प्रगति के अनुसार पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने 32 में से 28 मामलों का निपटारा कर दिया है, जबकि म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन मोहाली ने 48 में से 46 मामलों को सुलझाया है। आबकारी एवं कर विभाग ने 5 में से 4 मामलों का समाधान किया है, वहीं पुलिस विभाग से जुड़े सभी 12 मामलों का पूरी तरह निपटारा हो चुका है।गीतिका सिंह ने शेष बचे मामलों के समाधान की प्रक्रिया को तेज करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे शिकायतकर्ताओं का भरोसा बना रहेगा। चेयरमैन रणजीत पाल सिंह ने भी सभी विभागों से अपील की कि लंबित मामलों पर जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि अगली बैठक नए एजेंडे के साथ की जा सके।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में संवेदनशीलता के साथ काम किया जा रहा है।बैठक में अकविंदर सिंह गोसल, अजय कुमार और यशपाल बांसल सहित कई अधिकारी और विभागीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।