दैनिक खबरनामा। पटना, 14 अगस्त: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति राज्य के 688 मॉडल स्कूलों में पढ़ाई को डिजिटल सहारा देने की तैयारी कर रही है। समिति जल्द ही इन स्कूलों में इंटरएक्टिव ऑनलाइन सहायता प्रणाली लागू करने वाली है। इसके तहत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी पढ़ाई के दौरान कभी भी ऑनलाइन शिक्षक से संपर्क कर अपने सवाल हल करवा सकेंगे।
इस व्यवस्था के तहत शिक्षक सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे लाइव मौजूद रहेंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि छात्रों को इसके लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।
सेवा का फायदा उठाने के लिए छात्रों को पहले पोर्टल या मोबाइल एप्लिकेशन पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। पंजीकरण के बाद वे अपनी कक्षा और विषय चुनकर सीधे लाइव सत्र से जुड़ पाएंगे। पढ़ाई के बीच अगर कोई दुविधा हो तो छात्र चैट के जरिए शिक्षक को प्रश्न भेज सकेंगे। शिक्षक उसका उत्तर देने के साथ-साथ उस टॉपिक को विस्तार से भी समझाएंगे।
मिलेगा वन-टू-वन गाइडेंस
नई ऑनलाइन प्रणाली का मकसद सिर्फ सवालों का तुरंत जवाब देना नहीं है। इसके जरिए विद्यार्थियों को विषय संबंधी दिक्कतों का गहराई से समाधान, व्यक्तिगत परामर्श और पढ़ाई बेहतर करने के टिप्स भी दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य स्कूल की पढ़ाई के बाद भी छात्रों को शिक्षकों का सहयोग उपलब्ध कराना है।
समिति ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों के प्रधानाचार्यों के साथ मिलकर इस योजना को स्कूल स्तर पर ठीक से लागू करवाएं और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं।
पटना के जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार ने जानकारी दी कि राजधानी में 11 मॉडल स्कूलों के साथ-साथ पीएमश्री बांकीपुर बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में भी यह सुविधा शुरू की जा रही है। इससे इन संस्थानों में पढ़ने वाले 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को पढ़ाई में ऑनलाइन शिक्षकों की मदद सीधे मिल सकेगी।